कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वाधान में ‘‘कृषकों को दी गई नवीनतम तकनीकी‘‘ की जानकारी

सुलतानपुर। विकासित कृषि संकल्प अभियान के अन्तर्गत कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वाधान में विकास खण्ड -करौंदीकला के ग्राम बौढ़ियाबालमऊ, नारायणपुर, अमरेमऊ तथा विकास खण्ड- दूबेपुर के ग्राम- धम्मौर, कचनावा एवं पलिया के साथ ही विकास खण्ड- दोस्तपुर के ग्राम- तेंदुआ महनिया, बहरी एवं विरैता पालीपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें खेती के तौर तरीके के बारे में जानकारी दी गई। डा0 सी के त्रिपाठी ने किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्राकृतिक खेती, ड्रिप सिंचाई, जैविक उर्वरकों के उपयोग के बारे में बताया। डा0 ए के सिंह ने धान की सीधी बुवाई, उन्नतशील गन्ना की खेती, खरीफ में लगाई जाने वाली दलहन व तिलहन की फसलों की तकनीकियों के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की। अतुल कुमार सिंह ने पादप सुरक्षा, मछली पालन, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन तथा मृदा उर्वरता के बारे में चर्चा की। डा0 दिवाकर वर्मा ने पशुओं में होने वाले रोग, बीमारी, पशुओं का प्रन्धन, वर्मीकम्पोस्ट, बकरी व सूकर पालन, नादेप इत्यादि की तकनीकी जानकारी दी। वैज्ञानिक एस पी मिश्र ने औद्यानिक, बागवानी तथा कृषि के साथ कैसे बागवानी करें जिससे कृषक अपनी आय में वृद्धि कर सके, के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। रोहित सिंह ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य प्रबन्धन, जल संरक्षण जैसी तकनीकों की जानकारी दी। रवि रघुवंशी ने प्रक्षेत्र प्रबंधन, उपकरणों का रख-रखाव, कृषि में समय की महत्ता के बारे में जानकारी दी। गोष्ठी में कृषक प्रश्नोत्तरी आयोजित कर कृषकों की समस्याओं का समाधान भी किया गया। उक्त अवसर पर कृषि विभाग के समस्त अधिकारी व कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही।
उक्त जानकारी केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा0 जे बी सिंह द्वारा दी गयी।