कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि विभाग के सम्मिलित प्रयास से विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम का हुआ आयोजन

सुलतानपुर। कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि विभाग के सम्मिलित प्रयास से विकसित कृषि संकल्प अभियान के अन्तर्गत 9वें दिवस को ब्लाक जयसिंहपुर के ग्राम- सदरपुर, मूँगर, पिण्डोरन व ब्लाक- भदैंया के ग्राम मनिकापुर परासिन, बभनगवां में किसानों को उन्नत कृषि, बीज, बीज उपचार, मृदा परीक्षण, जैविक खेती, मत्स्य पालन, पशुपालन आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इसी क्रम में ग्राम सदरपुर में माननीय विधायक श्री राज प्रसाद उपाध्याय जी ने कार्यक्रम में पधारकर कृषकों को वैज्ञानिक विधि से खेती करने हेतु प्रेरित करते हुए कृषकों के हित में सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी एवं किसानों से आवाहन किया कि वैज्ञानिकों द्वारा बतायी गयी तकनीकी को अपनाकर अधिक से अधिक लाभ उठायें। वैज्ञानिकों ने कृषकों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, डिजिटल कृषि पोर्टल, प्राकृतिक खेती के सिद्धान्त एवं उन्नत कृषि यंत्रों के प्रयोग के विषय में जानकारी दी। कृषि का विविधीकरण समय की माँग है, इससे किसानों की आय में वृद्धि संभव है। इसको देखते हुए वैज्ञानिकों ने खरीफ फसलों की उन्नत खेती एवं फसल विविधीकरण के माध्यम से कृषकों की आय बढ़ाने पर बल दिया।